केरल पुलिस ने वीवो-आईक्यूओ स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को फर्जी ‘अपडेट’ को लेकर चेतावनी जारी की

केरल पुलिस ने वीवो-आईक्यूओ स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को फर्जी ‘अपडेट’ को लेकर चेतावनी जारी की

केरल पुलिस ने वीवो-आईक्यूओ स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को फर्जी ‘अपडेट’ को लेकर चेतावनी जारी की
Modified Date: April 21, 2026 / 10:47 am IST
Published Date: April 21, 2026 10:47 am IST

तिरुवनंतपुरम, 21 अप्रैल (भाषा) केरल पुलिस ने वीवो-आईक्यूओ स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को निशाना बनाकर की जा रही साइबर ठगी के प्रति चेतावनी जारी की है, जिसमें फर्जी ‘ओरिजिनओएस अपडेट’ संदेश भेज कर उपयोगकर्ताओं से ‘मैलवेयर’ सॉफ्टवेयर इंस्टॉल कराया जा रहा है और बैंकिंग जानकारी समेत उनका संवेदनशील डेटा चोरी किया जा रहा है।

पुलिस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, फोन इस्तेमाल करते समय उपयोगकर्ताओं को ‘अर्जेंट सिस्टम अपडेट रिक्वायर्ड’ जैसे संदेश दिखाई देते हैं।

सोमवार को जारी किए गए बयान के अनुसार ऐसे संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करने से आधिकारिक अपडेट के बजाय मैलवेयर फाइल डाउनलोड हो जाती हैं।

एक बार ‘मैलवेयर’ इंस्टॉल होने के बाद, ठग मोबाइल पर नियंत्रण हासिल कर लेते हैं और कैमरा, माइक्रोफोन, एसएमएस, कॉन्टैक्ट्स सहित अन्य निजी डेटा तक पहुंच बना लेते हैं।

इसमें कहा गया कि इस ठगी का मुख्य मकसद लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालना है।

पुलिस ने सलाह दी है कि सिस्टम अपडेट केवल फोन की ‘सेटिंग्स’ में मौजूद आधिकारिक ‘सिस्टम अपडेट’ विकल्प के जरिए ही करें, न कि ब्राउजर या संदेशों में मिले किसी लिंक के माध्यम से।

बयान में कहा गया कि उपयोगकर्ता को ऐसे धमकी भरे संदेशों से भी सावधान रहने को कहा गया है, जिनमें दावा किया जाता है कि अपडेट ‘इंस्टॉल’ न करने पर फोन ब्लॉक कर दिया जाएगा।

एहतियात के तौर पर ‘इंस्टॉल फ्रॉम अननोन सोर्सेज’ विकल्प को बंद रखने और केवल विश्वसनीय एंटीवायरस सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

पुलिस के बयान में कहा गया कि यदि किसी उपयोगकर्ता ने गलती से ऐसे लिंक पर क्लिक कर दिया हो, तो उसे तुरंत इंटरनेट कनेक्शन बंद करना चाहिए, सुरक्षा ऐप से फोन स्कैन करना चाहिए और किसी भी संदिग्ध एप्लिकेशन को हटा देना चाहिए। साथ ही, बैंकिंग और सोशल मीडिया खातों के पासवर्ड किसी सुरक्षित डिवाइस से तुरंत बदलने की भी सलाह दी गई है।

भाषा खारी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में