केरल : साथियों से सात लाख रुपये से अधिक की ठगी के आरोप में पुलिस प्रशिक्षु अधिकारी गिरफ्तार

Ads

केरल : साथियों से सात लाख रुपये से अधिक की ठगी के आरोप में पुलिस प्रशिक्षु अधिकारी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 12:50 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 12:50 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 11 अगस्त (भाषा) केरल में एक पुलिस प्रशिक्षु अधिकारी को अपने साथी प्रशिक्षुओं से वर्दी के लिए कथित तौर पर सात लाख रुपये से अधिक की रकम जमा करने और उसे ऑनलाइन सट्टेबाजी खेल में खर्च करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पेरूरकडा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी शंभू आर कृष्णन विशेष सशस्त्र पुलिस (एसएपी) में प्रशिक्षु अधिकारी था और उसे सोमवार देर रात गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी वर्दी समिति का सदस्य था और उसने कई प्रशिक्षुओं से कुल 7,18,320 रुपये कथित तौर पर एकत्र किए थे। यह राशि पुलिस ड्राई कैंटीन के खातों और वर्दी सिलने वाली सोसायटी में जमा की जानी थी, ताकि वर्दी की सामग्री खरीदी जा सके।

प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपी ने तीन जुलाई से 13 जुलाई के बीच यह रकम एकत्र की, लेकिन उसे जमा करने के बजाय कथित रूप से ऑनलाइन सट्टेबाजी खेल में मुनाफा कमाने के उद्देश्य से खर्च कर दिया।

जब साथी प्रशिक्षुओं ने कथित धोखाधड़ी की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी, तो एसएपी के एक वरिष्ठ कमांडिंग अधिकारी ने पेरूरकडा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर आरोपी प्रशिक्षु अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव