पथनमथिट्टा (केरल), छह अप्रैल (भाषा) पुलिस ने तिरुवल्ला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली स्थल के बाहर ड्यूटी पर तैनात एक थाना प्रभारी (एचएचओ) से कथित तौर पर हाथापाई करने के लिए एक प्रशिक्षु उपनिरीक्षक और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
तिरुवनंतपुरम में एक थाने में तैनात प्रशिक्षु उपनिरीक्षक कृष्ण मोहन और दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता श्रीलाल चंद्रशेखरन कोडुमन थाने के प्रभारी अधिकारी हैं।
यह घटना चार अप्रैल की शाम को हुई, जब मोदी ने तिरुवल्ला के म्युनिसिपल स्टेडियम में एक चुनावी रैली को संबोधित किया।
चंद्रशेखरन और उनकी टीम स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर तैनात थी, जहां वे लोगों की आवाजाही को नियंत्रित कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि मोहन दो अन्य लोगों के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचा। वह उस समय ड्यूटी पर नहीं था। उन्हें एचएचओ और उनकी टीम ने रोका, जिसके बाद मोहन ने कथित तौर पर अंदर जाने के लिए जोर जबरदस्ती की। प्रवेश से मना करने पर वहां हाथापाई हो गई।
पुलिस के अनुसार, मोहन ने कथित तौर पर चंद्रशेखरन के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी से बैज भी फाड़ दिया।
तिरुवल्ला पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने यह भी बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट सौंप दी गई है और आंतरिक जांच भी जारी है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा