केरल पुलिस ने ‘म्यूल अकाउंट’ रखने वालों को दी चेतावनी

केरल पुलिस ने ‘म्यूल अकाउंट’ रखने वालों को दी चेतावनी

केरल पुलिस ने ‘म्यूल अकाउंट’ रखने वालों को दी चेतावनी
Modified Date: August 8, 2026 / 08:13 pm IST
Published Date: August 8, 2026 8:13 pm IST

तिरुवनंतपुरम, आठ अगस्त (भाषा) केरल पुलिस ने शनिवार को ऑनलाइन ठगी के जरिए हासिल रकम को हस्तांतरित करने या निकालने के लिए साइबर अपराधियों को अपने बैंक खातों का इस्तेमाल करने देने वाले लोगों को चेतावनी दी कि ऐसा करने पर खाताधारकों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि ‘म्यूल अकाउंट’ ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल खाताधारक की जानकारी या बिना उसकी जानकारी के साइबर अपराधियों द्वारा ठगी के जरिए हासिल रकम को सुरक्षित तरीके से हस्तांतरित करने के लिए किया जाता है।

पुलिस ने कहा कि ठग अक्सर छात्रों और कम आय वाले लोगों को निशाना बनाते हैं। वे साइबर अपराध के नतीजों की जानकारी न होने का फायदा उठाकर उन्हें आसानी से पैसे कमाने का लालच देते हैं।

पुलिस ने लोगों से कहा कि वे किसी दूसरे व्यक्ति को अपना बैंक खाता इस्तेमाल न करने दें और न ही अपने बैंक खाता किसी और को उपलब्ध कराएं।

पुलिस ने यह भी कहा कि लोगों को अपने बैंक खाते के जरिये किसी दूसरे व्यक्ति की रकम न तो लेनी चाहिए और न ही उसे आगे भेजनी चाहिए।

पुलिस ने कहा कि बैंक खाते से होने वाले सभी लेन-देन के लिए खाताधारक जिम्मेदार होगा। जानबूझकर खाते में अनधिकृत रकम लेना या उसे किसी दूसरे खाते में भेजना अपराध है।

पुलिस ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति आपके बैंक खाते से लेन-देन करने देने के बदले कमीशन या पैसे देने की पेशकश करता है, तो इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दी जानी चाहिए।

भाषा

प्रचेता संतोष

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में