केरल चुनाव: त्रिशूर में अवैध तरीके से घरेलू सामान की किट वितरित करने के आरोप में मामला दर्ज

केरल चुनाव: त्रिशूर में अवैध तरीके से घरेलू सामान की किट वितरित करने के आरोप में मामला दर्ज

केरल चुनाव: त्रिशूर में अवैध तरीके से घरेलू सामान की किट वितरित करने के आरोप में मामला दर्ज
Modified Date: April 5, 2026 / 12:17 pm IST
Published Date: April 5, 2026 12:17 pm IST

त्रिशूर, पांच अप्रैल (भाषा) त्रिशूर पुलिस ने शहर के कुछ हिस्सों में चार अप्रैल को अवैध तरीके से घरेलू सामान की किट वितरित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निर्वाचन आयोग ने रविवार को यह जानकारी दी।

आयोग के एक बयान में कहा कि ओलारी पार्थसारथी मंदिर और कार्तिका सुपर मार्केट के पास घरेलू सामान की किट के अनधिकृत वितरण को रोकने के बाद चुनावी नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने वाले दस्ते ने मामला दर्ज किया।

यह मामला केरल में नौ अप्रैल के लिए निर्धारित विधानसभा चुनावों से कुछ ही दिन पहले सामने आया है।

कार्यकारी मजिस्ट्रेट डॉ. बिंदू टी एन की देखरेख में काम कर रही प्रवर्तन टीम ने पाया कि लगभग 900 रुपये मूल्य की 26 किट वितरित की जा रही थी, जिनमें विभिन्न प्रकार के घरेलू सामान थे।

बयान में कहा गया है, ‘‘मौके पर गई जांच से पता चला कि वितरण राधाकृष्णन नामक व्यक्ति के कहने पर किया गया था, और यह भी पता चला कि अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही 75 किट वितरित की जा चुकी थी।’’

निर्वाचन आयोग ने कहा कि ऐसा करना भारतीय न्याय संहिता की धारा 170(1)(i)(चुनाव के दौरान रिश्वतखोरी) और 173 (रिश्वतखोरी के लिए सजा) तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123(ए)(1)(भ्रष्ट आचरण) के तहत अपराध है।

बयान में कहा गया कि चूंकि ये अपराध असंज्ञेय श्रेणी में आते हैं, इसलिए औपचारिक कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने से पहले संबंधित क्षेत्राधिकार के मजिस्ट्रेट से आवश्यक पूर्व अनुमति प्राप्त कर ली गई।

भाषा तान्या खारी

खारी


लेखक के बारे में