केरल चुनाव: निर्वाचन आयोग ने चैनल, ऑनलाइन मंचों से राजनीतिक विज्ञापन हटाने के निर्देश दिए
केरल चुनाव: निर्वाचन आयोग ने चैनल, ऑनलाइन मंचों से राजनीतिक विज्ञापन हटाने के निर्देश दिए
तिरुवनंतपुरम, आठ अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने केरल में नौ अप्रैल को होने जा रहे विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले बुधवार को विभिन्न चैनल और ऑनलाइन मंचों पर नजर आ रहे राजनीतिक विज्ञापनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
निर्वाचन आयोग के केरल स्थित कार्यालय ने एक आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप में यह निर्देश जारी किया।
इसमें कहा गया है, ‘‘विभिन्न चैनल और ऑनलाइन मंचों पर विज्ञापन दिखाई दे रहे हैं। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद, इसकी अनुमति नहीं है। आपसे अनुरोध है कि इन्हें तुरंत हटा लें।’’
निर्वाचन आयोग के अनुसार, सभी हितधारकों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रचार थमने के बाद जन सभाओं, रैलियों, मीडिया से बातचीत और चुनाव संबंधी साक्षात्कारों के माध्यम से प्रचार पर सख्त पाबंदी है।
यह भी निर्देश दिया गया है कि मतदान संपन्न होने के बाद के 48 घंटों के दौरान कोई भी व्यक्ति टेलीविजन या रेडियो सहित इस तरह के किसी भी उपकरण के माध्यम से जनता के बीच ‘‘चुनाव से जुड़े आंकड़े’’ प्रदर्शित नहीं करेगा।
आयोग ने एक परामर्श में राजनीतिक नेताओं को इस अवधि के दौरान चुनाव संबंधी आंकड़ों पर प्रेसवार्ता या साक्षात्कार के माध्यम से मीडिया को संबोधित करने से परहेज करने का निर्देश दिया।
निर्वाचन आयोग ने कहा, ‘‘सभी मीडिया संस्थानों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि उनकी खबरों से चुनाव प्रभावित न हो, या किसी भी पार्टी या उम्मीदवार को अनुचित लाभ न मिले।’’
आयोग ने कहा है, ‘‘इन निर्देशों या आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के किसी भी उल्लंघन को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा तथा जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा यासिर सुभाष
सुभाष

Facebook


