मलप्पुरम (केरलम), छह सितंबर (भाषा) केरलम के मलप्पुरम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर रविवार तड़के एक लॉरी और कार के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा तड़के करीब साढ़े तीन बजे कोझिकोड-त्रिशूर राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर इडिमुझिक्कल में हुआ।
उसने बताया कि पत्थरों से लदी एक लॉरी राजमार्ग से सर्विस रोड पर जाने के लिए ‘यू-टर्न’ ले रही थी, तभी सामने से आ रही एक कार उससे टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी लोग उसमें फंस गए। स्थानीय निवासियों ने कार के हिस्सों को काटकर लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी पांच लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में मारे गए दोनों लोग कूमन्ना क्षेत्र के निवासी थे। घायल तीन लोगों का कोझिकोड मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन वार्ड में उपचार जारी है। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार पांचों लोग दोस्त थे।
थेनहीपलम पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी