खरगे, राहुल ने विमान दुर्घटना में वायुसेना के पांच जवानों की मौत पर दुख जताया

खरगे, राहुल ने विमान दुर्घटना में वायुसेना के पांच जवानों की मौत पर दुख जताया

खरगे, राहुल ने विमान दुर्घटना में वायुसेना के पांच जवानों की मौत पर दुख जताया
Modified Date: June 13, 2026 / 06:35 pm IST
Published Date: June 13, 2026 6:35 pm IST

नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को असम के जोरहाट में विमान दुर्घटना में वायुसेना के पांच कर्मियों की मौत होने पर दुख जताया और कहा कि देश इन जवानों का सदैव ऋणी रहेगा।

खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘असम में भारतीय वायु सेना के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण पांच बहादुर जवानों के दुखद निधन से गहरा दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ‘

उन्होंने कहा, ‘ हम उनकी सेवा और निस्वार्थ बलिदान को नमन करते हैं और उनके तथा उनके परिवारों के सदैव ऋणी रहेंगे।’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘असम में वायुसेना के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में हमारे पांच वीर जवानों के शहीद होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। दुख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शहीदों के शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। देश इन बहादुर जवानों का सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद रखेगा।’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने इस हादसे में वायुसेना के पांच जवानों की मृत्यु पर दुख जताया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘असम में वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह से पांच बहादुर जवानों की शहादत का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। देश, हमारे वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति सदैव ऋणी रहेगा।’

रूस में निर्मित एएन-32 विमान नियमित उड़ान के दौरान पूर्वाह्न लगभग 10 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम की मौत हो गई।

भाषा हक दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में