कोच्चि: संगठित देह व्यापार गिरोह मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच तेज
कोच्चि: संगठित देह व्यापार गिरोह मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच तेज
कोच्चि, 22 मई (भाषा) विदेश में मॉडलिंग और मेकअप आर्टिस्ट की नौकरी दिलाने के बहाने शहर से संचालित होने वाले एक कथित देह व्यापार गिरोह के पीछे सक्रिय ‘संगठित नेटवर्क’ से जुड़े चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इससे पहले, इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह मामला एक पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।
पीड़िता का आरोप है कि उसे एक फैशन शो में मेकअप आर्टिस्ट के रूप में काम करने के लिए विदेश ले जाया गया था, जहां पहुंचने पर उसे नशीला पदार्थ दिया गया और कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया गया।
एक अन्य शिकायतकर्ता ने भी आरोप लगाया है कि उसे मॉडलिंग के काम के लिए विदेश ले जाया गया था और वहां उसे इसी तरह की प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त एस कालीराज महेश कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि कथित देह व्यापार गिरोह में सक्रिय संगठित नेटवर्क का हिस्सा होने के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि नए गिरफ्तार आरोपी की भूमिका इस गिरोह के लिए पैसे या अन्य लाभ के बदले ‘ऐसे लोगों की पहचान करना, उन्हें प्रेरित करना और भर्ती करना था जो महिलाओं की व्यवस्था कर सकें।’
उन्होंने कहा, ‘यह एक बड़े नेटवर्क के रूप में काम कर रहा था। हमारा इरादा इस गिरोह को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए यथासंभव गहराई से जांच करने का है।’ उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को लाने के लिए कथित तौर पर 50,000 रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक का भुगतान किया जाता था।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि महिलाओं को विभिन्न कार्यों के लिए विदेश ले जाया गया था, जिनमें से कुछ काम वास्तविक हो सकते हैं, जबकि अन्य के इस कथित गिरोह से जुड़े होने का संदेह है।
उन्होंने कहा कि इन कार्यों की वास्तविक प्रकृति का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
कुमार ने कहा कि कुछ और लोगों ने फोन पर अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं, और उनके आरोपों का सत्यापन किया जा रहा है।
भाषा सुमित रंजन
रंजन

Facebook


