कोच्चि: पोस्टमार्टम में यौन उत्पीड़न के खुलासे के बाद बच्ची-पिता की मौत के मामले की जांच तेज

Ads

कोच्चि: पोस्टमार्टम में यौन उत्पीड़न के खुलासे के बाद बच्ची-पिता की मौत के मामले की जांच तेज

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 10:25 AM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 10:25 AM IST

कोच्चि, 15 फरवरी (भाषा) केरल के एलामक्कारा में छह वर्षीय बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न का खुलासा होने के बाद पुलिस ने बच्ची और उसके पिता की मौत के मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 16 जनवरी को बच्ची को कथित तौर पर जहर दिया गया था और उसके बाद पिता ने अपने किराए मकान में खुदकुशी कर ली थी।

अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संकेत मिला है कि बच्ची से पिछले एक वर्ष से कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया जा रहा था।

बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि परिवार को ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।

पुलिस के मुताबिक महिला ने यह भी कहा कि जिस दिन पिता और बेटी मृत पाए गए, उस दिन उसका अपने पति के साथ रुपयों को लेकर झगड़ा हुआ था।

एलामक्कारा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि परिजनों और परिवार के करीबी लोगों के जल्द बयान दर्ज किए जाएंगे।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस उस शिक्षण संस्थान के शिक्षकों से भी बात करेगी जहां बच्ची पढ़ती थी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि जिस दिन पिता-बेटी मृत पाए गए थे, उस दिन कोई व्यक्ति घर आया था या नहीं।

उन्होंने बताया कि पहले इस संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धाराएं जोड़ी गईं।

भाषा खारी सुरभि

सुरभि