कोच्चि पुलिस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ के जरिये बुजुर्ग से ठगी गई एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम बरामद की
कोच्चि पुलिस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ के जरिये बुजुर्ग से ठगी गई एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम बरामद की
कोच्चि, 14 मार्च (भाषा) कोच्चि शहर की साइबर पुलिस ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ ऑनलाइन ठगी के जरिए 81 वर्षीय एक व्यक्ति से ठगी गई एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम बरामद की है।
पुलिस के शनिवार को जारी बयान के अनुसार, यह घटना पिछले वर्ष नवंबर में हुई थी, जब बुजुर्ग से ‘डिजिटल अरेस्ट’ घोटाले के जरिए करीब 1.30 करोड़ रुपये की ठगी की गई थी। इस तरह की ठगी में ठग कानून लागू करने वाले अधिकारियों का रूप धारण कर लोगों को धोखा देते हैं।
वे लोगों को अवैध गतिविधियों में शामिल होने का झूठा आरोप लगाकर डराते हैं और फिर मामले से बाहर निकालने के नाम पर उनसे पैसे की मांग करते हैं।
पुलिस ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई के कारण जम्मू-कश्मीर के एक बैंक से करीब 1.06 करोड़ रुपये की राशि बरामद की गई।
बयान में कहा गया कि जब पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई, तो साइबर अपराध पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और उसकी जानकारी तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर अपलोड कर दी गई।
तत्काल जांच और तकनीकी हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने उस बैंक खाते से राशि के अंतरण को रोक दिया था, जिसमें 1,06,27,914 रुपये की राशि अंतरित की गई थी। इस खाते में पीड़ित द्वारा पैसा भेजा गया था।
भाषा राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


