कोलकाता : अग्निमित्रा ने गरियाहाट बाजार का दौरा किया, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार पर जोर
कोलकाता : अग्निमित्रा ने गरियाहाट बाजार का दौरा किया, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार पर जोर
कोलकाता, 22 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने सोमवार को दक्षिण कोलकाता के गरियाहाट बाजार का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों व व्यापारियों को स्वच्छता तथा बुनियादी ढांचे में सुधार करने के निर्देश दिए।
पॉल ने अपने विभाग के अधिकारियों के साथ सुबह-सुबह बाजार का दौरा किया और खराब स्वच्छता एवं रखरखाव पर असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे अपनी दुकानों के सामने के क्षेत्र को साफ रखें और चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, “हम बंगाल की जनता के प्रति जवाबदेह हैं। हमने आज गरियाहाट से शुरुआत की है और इसी तरह के निरीक्षण राज्य भर के बाजारों में भी किए जाएंगे।”
मंत्री ने कई उपायों की घोषणा की, जिनमें पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, फिसलन वाले क्षेत्रों में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कंक्रीट स्लैब लगाना, और दुकानों के बीच जल निकासी नालियों का निर्माण शामिल है।
उन्होंने कहा कि नालियों, विशेषकर मछली और मांस की दुकानों के पास वाली नालियों की रोज़ाना सफाई जरूरी है और सफाई कर्मचारी दिन में तीन बार बाजार की सफाई करेंगे।
पॉल ने कहा, “जिस किसी दुकान के सामने कचरा पाया जाएगा, उस पर जुर्माना लगाया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि हर दुकान में कचरापेटी रखना अनिवार्य होगा और मछली व मांस विक्रेताओं को सख्त स्वच्छता मानकों का पालन करना होगा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आवंटित स्थान से अधिक दुकानों के अवैध विस्तार को एक सप्ताह के भीतर हटा दिया जाए।
उन्होंने कहा, “बाजार के अंदर कोई साइकिल नहीं होगी। इसके लिए बाहर अलग से साइकिल स्टैंड बनाए जाएंगे। बेतरतीब तरीके से लटके हुए तिरपाल के ढांचे भी हटाने होंगे।”
मंत्री ने अधिकारियों से बाजार क्षेत्रों में स्थायी शेड बनाने की संभावना पर विचार करने को कहा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने राज्य में प्लास्टिक कैरी बैग पर प्रतिबंध को दोहराते हुए कहा कि नियम का उल्लंघन करने वालों पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
पॉल ने कहा कि जिन ग्राहकों के पास पुन: उपयोग किए जाने वाले बैग नहीं होंगे, उनके लिए बाजारों में बैग वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी।
पॉल ने यह भी कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने, थूकने और पेशाब करने पर पहले से लागू दंड अब और सख्ती से लागू किए जाएंगे।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


