कोझिकोड जा रहे एअर अरेबिया के विमान को तकनीकी खराबी के बाद कोच्चि भेजा गया

Ads

कोझिकोड जा रहे एअर अरेबिया के विमान को तकनीकी खराबी के बाद कोच्चि भेजा गया

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 09:47 AM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 09:47 AM IST

कोच्चि (केरल), 13 जून (भाषा) संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से केरल के कोझिकोड जा रहे एअर अरेबिया के एक विमान को तकनीकी समस्या के कारण शनिवार तड़के यहां कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

‘कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ (सीआईएएल) के एक प्रवक्ता के अनुसार, एअर अरेबिया की उड़ान जी9 454 को विमान के इंजन की ‘रिवर्स थ्रस्ट’ (उतरने के बाद विमान की गति कम करने में मदद करने वाली प्रणाली) प्रणाली से जुड़ी समस्या के कारण हवाई अड्डे पर उतारा गया।

निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत, हवाई अड्डे की सभी आपातकालीन सेवाओं को तैयार रखने के लिए तड़के 3.19 बजे ‘लोकल स्टैंडबाय’ (हवाई अड्डे की आपात सेवाओं को सतर्क करना) घोषित किया गया और इसके बाद 3.34 बजे पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘विमान सुबह 3.38 बजे सुरक्षित उतरा और उसे निर्धारित ‘पार्किंग बे’ में ले जाया गया। सुरक्षा संबंधी सभी जांच पूरी होने के बाद तड़के पौने चार बजे पूर्ण आपात स्थिति हटा ली गई।’’

विमान में 170 यात्री, नौ शिशु और चालक दल के सदस्य सवार थे। सभी सुरक्षित हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि हवाई अड्डे के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।

तकनीकी खराबी दूर किए जाने के बाद विमान सुबह सवा सात बजे कोझिकोड हवाई अड्डे रवाना हुआ। भाषा सिम्मी शोभना

शोभना