लैब रिपोर्टः कर्नाटक के तुमकुरु में ‘बर्ड फ्लू’ की वजह से हुई 44 मोरों की मौत

लैब रिपोर्टः कर्नाटक के तुमकुरु में 'बर्ड फ्लू' की वजह से हुई 44 मोरों की मौत

लैब रिपोर्टः कर्नाटक के तुमकुरु में ‘बर्ड फ्लू’ की वजह से हुई 44 मोरों की मौत
Modified Date: May 1, 2026 / 06:56 pm IST
Published Date: May 1, 2026 6:56 pm IST

तुमकुरु (कर्नाटक), एक मई (भाषा) कर्नाटक के तुमकुरु जिले में हाल ही में हुई 44 मोरों की मौत की वजह ‘एच5एन1’ (बर्ड फ्लू) वायरस था। लैब रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना पहली बार 16 अप्रैल को सामने आई और इसके बाद एक हफ्ते के भीतर तुमकुरु तालुका में रहस्यमय परिस्थितियों में 44 मोरों की मौत हुई।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सघन तलाशी अभियान के दौरान केसरमाडु, हीरेहल्ली और गुलूर ग्राम पंचायतों में खेतों से ये मृत मोर मिले थे।

विभाग ने मृत मोरों के नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर)-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान भेजे थे, जिसकी रिपोर्ट में मौत का कारण एच5एन1 बताया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि हालांकि, 23 अप्रैल के बाद से तुमकुरु तालुका के किसी भी हिस्से में मोरों की मौत का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) कुमार पुष्कर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘लैब रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि मौतें एच5एन1 के कारण हुईं। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग के साथ मिलकर काम कर रहा है।’

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चूंकि यह एक संक्रामक रोग है, इसलिए इसके प्रसार को रोकने के लिए एहतियातन सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रभावित क्षेत्रों के 10 किलोमीटर के दायरे को निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि आसपास के मुर्गीपालन केंद्रोंको सतर्क किया गया है।

भाषा सुमित नरेश पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में