केरल के मलप्पुरम में घायल मिले मजदूर की मौत, जंगली हाथी के हमले की आशंका
केरल के मलप्पुरम में घायल मिले मजदूर की मौत, जंगली हाथी के हमले की आशंका
मलप्पुरम (केरल), 28 अप्रैल (भाषा) उत्तरी केरल के मलप्पुरम जिले में मंगलवार को एक जंगली हाथी के संदिग्ध हमले में गंभीर रूप से घायल एक मजदूर की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान करुवाराकुंड निवासी जमशीर के रूप में हुई है, जो रबर के पेड़ों से ‘लेटेक्स’ (दूधिया तरल पदार्थ) निकालने का काम करता था।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि जमशीर मंगलवार सुबह वन-सीमांत क्षेत्र में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसे तुरंत पेरिनथलमान्ना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
वन अधिकारियों ने बताया कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि घटना की परिस्थितियां अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं, क्योंकि जमशीर उस स्थान पर घायल नहीं मिला था जहां वह रबर निकाल रहा था।
अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, “ सुबह जमशीर के साथ कथित रूप से दो अन्य लोग भी थे, जिनकी तलाश की जा रही है। हम हाथी के हमले की आशंका से इनकार नहीं कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाने के लिए वन विभाग की एक टीम को मौके पर भेजा गया है।
इस बीच, स्थानीय लोगों का कहना है कि करुवाराकुंड क्षेत्र में मानव बस्तियों के पास स्थित बागानों में जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही से जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि वन्यजीवों के बार-बार इलाके में आने के बावजूद वन विभाग ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए हैं।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा

Facebook


