पूर्वोत्तर के लोगों के साथ भेदभाव समाप्त करने के लिए कानून बने: सांसद

पूर्वोत्तर के लोगों के साथ भेदभाव समाप्त करने के लिए कानून बने: सांसद

पूर्वोत्तर के लोगों के साथ भेदभाव समाप्त करने के लिए कानून बने: सांसद
Modified Date: March 27, 2026 / 04:29 pm IST
Published Date: March 27, 2026 4:29 pm IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के सांसद तापिर गाव ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों के साथ नस्लीय भेदभाव होने का आरोप लगाते हुए सरकार से इस संबंध में बेज बरुआ समिति की रिपोर्ट को पूरी तरह लागू करने या इस तरह के मामलों की रोकथाम के लिए कानून लाने की मांग की।

अरुणाचल पूर्व संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तापिर गाव ने लोकसभा में शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि देशभर में पूर्वोत्तर के लोगों के साथ नस्लीय भेदभाव और उनके उत्पीड़न की घटनाएं सामने आती हैं।

उन्होंने हाल में उत्तराखंड के देहरादून, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और दिल्ली में उत्तर-पूर्व के राज्यों के युवक युवतियों के उत्पीड़न की कुछ घटनाओं का हवाला भी दिया।

गाव ने इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए सरकार से मांग की, ‘‘नीदो तानिया की हत्या के मामले में बनाई गई बेज बरुआ समिति की रिपोर्ट को पूरी तरह लागू किया जाए या सरकार इसके लिए कानून भी ला सकती है।’’

अरुणाचल प्रदेश की 20 वर्षीय नीदो तानिया की 2013 में दिल्ली में भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद गृह मंत्रालय ने पूर्वोत्तर के लोगों के साथ होने वाले नस्लीय भेदभाव, लक्षित हिंसा जैसे मामलों पर ध्यान देने के लिए केंद्रीय पर्यटन सचिव रहे मदन प्रसाद बेजबरुआ की अध्यक्षता में समिति का गठन किया था।

पंजाब से कांग्रेस के सदस्य अमर सिंह ने अपने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब होने का दावा करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के रास्ते पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से मादक पदार्थ और हथियार पहुंचाए जाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में गैंगस्टर सक्रिय हो गए हैं, व्यापारियों की हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं।

सिंह ने मांग की कि केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर पंजाब में शांति स्थापित करनी चाहिए।

शिवसेना के सदस्य रवींद्र वायकर ने महाराष्ट्र में समुद्र तटीय क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से तस्करों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।

राजसमंद से भाजपा की सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने सहारा समूह की निवेश योजना में पूंजी लगाने वाले निवेशकों का धन लौटाये जाने की मांग सरकार से की।

भाषा

वैभव हक

हक


लेखक के बारे में