एलडीएफ ने अभिनेता सुधीर करमना और तीन अन्य को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारा

एलडीएफ ने अभिनेता सुधीर करमना और तीन अन्य को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारा

एलडीएफ ने अभिनेता सुधीर करमना और तीन अन्य को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारा
Modified Date: March 21, 2026 / 08:46 pm IST
Published Date: March 21, 2026 8:46 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च (भाषा) वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने शनिवार को अभिनेता सुधीर करमना और तीन अन्य को समर्थन देते हुए उन्हें विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारने की घोषणा की।

तिरुवनंतपुरम सीट पर वामपंथी विचारधारा के करमना का मुकाबला कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी (सीएमपी) एवं संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के नेता सी पी जॉन और भाजपा के उम्मीदवार करमना जयन से होगा।

इससे पहले, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) सहित एलडीएफ के सहयोगी दलों ने नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी।

हालांकि, तिरुवनंतपुरम निर्वाचन क्षेत्र पर फैसला लंबित रहा, क्योंकि यह सीट सहयोगी जनाधिपत्य केरल कांग्रेस (जेकेसी) को आवंटित की गई थी।

जेकेसी के नेता एवं मौजूदा विधायक एंटनी राजू को यहां की एक मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा सबूतों से छेड़छाड़ के एक मामले में दोषी ठहराए जाने और सजा सुनाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया।

जेकेसी उनकी जगह कोई और उम्मीदवार खड़ा करने में विफल रही, जिसके चलते एलडीएफ ने अभिनेता को समर्थन देते हुए मैदान में उतारा।

सुधीर करमना ने पत्रकारों से कहा कि स्थानीय निवासी होने के नाते वह तिरुवनंतपुरम के हर कोने से वाकिफ हैं, साथ ही लोगों की भावनाओं और समस्याओं से भी परिचित हैं।

उन्होंने चुनाव के लिए सभी वर्गों के लोगों का समर्थन भी मांगा।

करमना ने कहा, ‘‘मैं एक मजबूत वामपंथी मोर्चे के साथ हूं। हम निरंतरता के नारे के साथ आगे बढ़ेंगे, और यह होकर रहेगा।’’

इस बीच, एलडीएफ ने तीन अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों की भी घोषणा की जिनमें कासरगोड से शनावास पाधूर, वल्लिकुन्नु से सीपी मुस्तफा और तनूर से मोहम्मद समीर चुनाव लड़ेंगे।

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में