Farsa Wale Baba Death Case: ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत पर बवाल! संदिग्ध परिस्थियों में इस जगह पर मिली लाश, समर्थकों ने जाम किया नेशनल हाईवे

'फरसा वाले बाबा' की मौत पर बवाल! संदिग्ध परिस्थियों में इस जगह पर मिली लाश, Farsa Wale Baba Death Case Latest News

Farsa Wale Baba Death Case: ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत पर बवाल! संदिग्ध परिस्थियों में इस जगह पर मिली लाश, समर्थकों ने जाम किया नेशनल हाईवे
Modified Date: March 21, 2026 / 09:19 pm IST
Published Date: March 21, 2026 8:59 pm IST

मथुरा: Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार तड़के हरियाणा बॉर्डर के समीप ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से मशहूर गौरक्षक बाबा चंद्रशेखर की राजमार्ग पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से आक्रोशित भीड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सोशल मीडिया पर प्रसारित घटना से संबंधित वीडियो में पुलिस को लोगों को हटाने का प्रयास करते हुए देखा जा सकता है जबकि प्रदर्शनकारी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने इसके बाद दंगाइयों को काबू में करने के लिए पहले हल्का बल प्रयोग किया और फिर आंसू गैस के गोले भी दागे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बाबा कोटवन बॉर्डर क्षेत्र में नबीपुर के समीप गोवंश से लदे एक ट्रक को रोकने का प्रयास कर रहे थे कि तभी गौ-तस्करों ने उन्हें कुचल दिया। Farsa Wale Baba Death Case

Mathura News: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक लोगों ने माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले दागे। उन्होंने बताया कि बाबा के समर्थक उनका दाह संस्कार करने के लिए ही शव को आजनौख गांव स्थित उनकी गौशाला लाए थे और अब अगर वे पोस्टमॉर्टम कराना चाहेंगे तो अवश्य कराया जाएगा। कुमार ने फोन पर हुई बातचीत में स्पष्ट किया कि इस मामले में चार-पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच की जाएगी।

उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी हालांकि इलाके में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने एक बयान जारी कर भ्रम दूर करने का प्रयास किया कि फरसा वाले बाबा शनिवार तड़के चार बजे हरियाणा सीमा थाना क्षेत्र कोसीकलां पर वाहन में गोवंश होने की सूचना पर अपने शिष्यों के साथ नगालैण्ड नंबर के एक कंटेनर को रोककर जांच कर रहे थे। बयान के मुताबिक, उक्त कंटेनर में साबुन, फिनाइल, शैम्पू आदि सामान भरा हुआ था और इसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से राजस्थान नंबर के एक ट्रक ने कंटेनर को टक्कर मार दी, जिससे बाबा की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में ट्रक चालक घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि लोगों द्वारा भ्रामक सूचना के कारण जाम व पथराव की घटना हुई और लोगों को समझाया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि घटना के संबंध में हर पहलू की जांच की जाएगी। इसी बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिन में गोवर्धन के दंगहाटी मंदिर में प्रार्थना की, जहां उन्होंने गिरिराज जी महाराज की आरती में भाग लिया और गोवर्धन परिक्रमा की।

इन्हें भी पढ़ें:-


लेखक के बारे में

सवाल आपका है.. पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों और आप से जुड़े मुद्दों को सीधे सरकार के संज्ञान में लाना मेरा ध्येय है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में 10 साल का अनुभव मुझे इस काम के लिए और प्रेरित करता है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक मीडिया और भाषा विज्ञान में ली हुई स्नातकोत्तर की दोनों डिग्रियां अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए गति देती है।