दिल्ली के कुछ हिस्सों में रात भर हल्की बारिश

Ads

दिल्ली के कुछ हिस्सों में रात भर हल्की बारिश

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 10:57 AM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 10:57 AM IST

नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में रात भर हुई हल्की बारिश हुई के बावजूद शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में शनिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है जिसके अनुसार, आज गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग में बारिश दर्ज नहीं की गई जबकि अन्य केंद्रों जैसे पालम में शुक्रवार रात 11:30 बजे से देर रात दो बज कर 30 मिनट के बीच 1.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इसी अवधि के दौरान लोधी रोड में 0.3 मिमी, रिज में 1.9 मिमी, आयानगर में 5.8 मिमी और पीतमपुरा में 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, इसके बाद सुबह साढ़े आठ बजे तक बारिश नहीं हुई।

दिल्ली का न्यूनतम तापमान बढ़कर 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। एक दिन पहले की तुलना में यह 1.5 डिग्री ज्यादा है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बादल छाए रहने के कारण रात में पृथ्वी की सतह से गर्मी धीरे-धीरे बाहर निकलती है, जिससे तापमान में वृद्धि हुई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 177 दर्ज किया गया, जो मध्यम क्षेणी में आता है जबकि शुक्रवार को 24 घंटे का औसत ‘एक्यूआई’ 266 था।

सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच ‘एक्यूआई’ को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) ने अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई के ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने का अनुमान जताया है।

भाषा प्रचेता सुरभि

सुरभि