टाटा मोटर्स ने इवेको के लिए निविदा पेशकश शुरू की, स्वीकृति सात सितंबर से

Ads

टाटा मोटर्स ने इवेको के लिए निविदा पेशकश शुरू की, स्वीकृति सात सितंबर से

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 01:44 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 01:44 PM IST

नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) टाटा मोटर्स ने इटली की वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी इवेको ग्रुप के सभी साधारण शेयरों के अधिग्रहण के लिए 14.10 यूरो प्रति शेयर की दर से स्वैच्छिक नकद निविदा पेशकश शुरू की है। इस पेशकश के तहत इवेको का मूल्यांकन करीब 3.82 अरब यूरो किया गया है।

टाटा मोटर्स और इवेको ग्रुप ने शुक्रवार को संयुक्त घोषणा में कहा कि यह पेशकश टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बी.वी. के जरिये की जा रही है। शेयरधारकों के लिए पेशकश स्वीकार करने की अवधि सात सितंबर से 26 अक्टूबर, 2026 तक होगी।

प्रति साधारण शेयर 14.10 यूरो की पेशकश कीमत लाभांश सहित है।

यह लेनदेन इवेको के प्रस्तावित अधिग्रहण की दिशा में टाटा मोटर्स का नवीनतम कदम है। इटली के बाजार नियामक कंसोब ने पेशकश दस्तावेज को मंजूरी दे दी है, जिससे शेयरधारकों के लिए पेशकश स्वीकार करने की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है।

इवेको ग्रुप के निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से लेनदेन का समर्थन किया है और शेयरधारकों से पेशकश स्वीकार करने की सिफारिश की है। निदेशक मंडल ने शेयरधारकों से 16 अक्टूबर, 2026 को प्रस्तावित असाधारण आम बैठक में पेशकश से संबंधित प्रस्तावों के पक्ष में मतदान करने की भी सिफारिश की है।

इवेको के सबसे बड़े शेयरधारक एक्सोर एन.वी. ने पेशकश का समर्थन करने की अपरिवर्तनीय प्रतिबद्धता जताई है। वह इवेको के करीब 27.06 प्रतिशत साधारण शेयरों और कुल 43.19 प्रतिशत मतदान अधिकारों का प्रतिनिधित्व करने वाली अपनी हिस्सेदारी पेशकश के तहत बेचने को तैयार है।

पेशकश कुछ सामान्य शर्तों के अधीन है, जिनमें कम से कम 95 प्रतिशत साधारण शेयरों की स्वीकृति शामिल है। हालांकि, यदि शेयरधारक असाधारण आम बैठक में संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी देते हैं, तो यह न्यूनतम सीमा स्वतः घटकर 80 प्रतिशत हो जाएगी।

टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी गिरिश वाघ ने कहा कि दोनों कंपनियों की ताकत, क्षमताओं और बाजार में मौजूदगी को एक साथ लाकर अधिक मजबूत और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी वाणिज्यिक वाहन कारोबार खड़ा करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि इससे ग्राहकों की बेहतर सेवा करने, भविष्य की प्रौद्योगिकियों में निवेश करने और सभी हितधारकों के लिए टिकाऊ मूल्य सृजित करने में मदद मिलेगी।

इवेको ग्रुप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ओलोफ पर्सन ने कहा कि दोनों कंपनियों को मिलाकर वैश्विक वाणिज्यिक वाहन क्षेत्र में एक बड़ी नई कंपनी खड़ी होगी। इससे बड़े पैमाने और व्यापक पहुंच का लाभ मिलेगा, नवाचार में तेजी आएगी और दुनियाभर के ग्राहकों के लिए बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

प्रस्तावित सौदे के तहत इवेको और टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक वाहन कारोबार को एक साथ लाया जाएगा। संयुक्त कंपनी की सालाना बिक्री 5.90 लाख से अधिक वाहनों की रहने और करीब 21 अरब यूरो (2.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक) का राजस्व होने की उम्मीद है।

कंपनियों के अनुसार, संयुक्त कारोबार के राजस्व में यूरोप की हिस्सेदारी करीब 46 प्रतिशत, भारत की 32 प्रतिशत, दक्षिण अमेरिका की आठ प्रतिशत और दुनिया के अन्य हिस्सों की करीब 14 प्रतिशत होगी।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय