दिल्ली में तापमान गिरा, आज हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली में तापमान गिरा, आज हल्की बारिश की संभावना
नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को तापमान में और गिरावट दर्ज करने के साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हल्की बारिश और तेज हवाओं को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया।
सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम और एक दिन पहले की तुलना में 0.7 डिग्री कम था।
इस वेधशाला में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस और बृहस्पतिवार को 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले दो दिन में शहर के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के बाद तापमान में यह गिरावट देखी गई है।
अन्य मौसम केंद्रों पर भी शनिवार को न्यूनतम तापमान में इसी तरह की कमी दर्ज की गई।
पालम वेधशाला में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 2.6 डिग्री कम था। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार के मुकाबले 2.4 डिग्री कम था। वहीं रिज और आयानगर में क्रमशः 22.3 डिग्री और 22.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 1.7 डिग्री और 2.8 डिग्री कम था।
आईएमडी के अनुसार, आयानगर में शुक्रवार रात 11:30 बजे से शनिवार सुबह 2:30 बजे के बीच 11.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद अन्य किसी मौसम केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं की गई।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आज के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।’’
आईएमडी ने रविवार के लिए भी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान में भी और गिरावट आ सकती है और यह 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस बीच शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया। शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 82 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। इसके मुकाबले शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 123 था, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में था।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
दिल्ली के लिए ‘एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम’ (एक्यूईडब्ल्यूएस) ने अनुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में बना रह सकता है।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


