गुजरात के अमरेली में कार की टक्कर से शेर के शावक की मौत
गुजरात के अमरेली में कार की टक्कर से शेर के शावक की मौत
अमरेली, 14 मई (भाषा) गुजरात के अमरेली जिले में भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार की टक्कर लगने से शेर के एक वर्षीय शावक की मौत हो गई। एक वन अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सहायक वन संरक्षक विरलसिंह चावड़ा के अनुसार, यह घटना बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे राजुला वन क्षेत्र के दांतरडी गांव के पास हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुष्टि हुई है कि शावक की मौत तेज टक्कर की वजह से हुई।
उन्होंने बताया कि कार चालक की पहचान राजस्थान निवासी इंदरसिंह रावत (27) के रूप में हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसके वाहन की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी के मुताबिक, आरोप है कि घटना के बाद रावत मौके पर रुका नहीं था।
उन्होंने बताया कि रावत के वाहन को जब्त कर लिया गया और उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पिछले साल, गुजरात सरकार ने राज्य विधानसभा को बताया था कि राज्य में दो वर्षों में कम से कम 286 शेरों की मौत हुई है, जिनमें 143 शावक शामिल थे।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


