स्थानीय निकाय उपचुनाव के परिणाम यूडीएफ के समर्थन में कमी को दर्शाते हैं: विजयन
स्थानीय निकाय उपचुनाव के परिणाम यूडीएफ के समर्थन में कमी को दर्शाते हैं: विजयन
तिरुवनंतपुरम, 29 सितंबर (भाषा) केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री और माकपा के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन ने मंगलवार को दावा किया कि स्थानीय निकाय उपचुनाव के नतीजों से विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को मिले समर्थन में कमी का संकेत मिलता है।
विजयन ने कहा कि राज्य में यूडीएफ के सत्ता में आने के चार महीने के भीतर ही जनता के समर्थन में यह कमी आई है। उन्होंने इसके लिए बिजली कटौती, स्वास्थ्य क्षेत्र की कथित बदहाली और कल्याणकारी उपायों को रोक दिए जाने को जिम्मेदार ठहराया।
विधानसभा में विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और अन्य मंत्रियों ने ‘‘उद्योगपतियों और सत्ता के दलालों को संरक्षण देकर’’ अपने पद का दुरुपयोग किया तथा प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को समय पर राहत देने में विफल रहे। उन्होंने कहा कि इन कारणों से यूडीएफ को अपनी कई मौजूदा सीटें गंवानी पड़ीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यूडीएफ सरकार की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि वह बड़े कॉरपोरेट और ‘शराब लॉबी’ को मुफ्त सुविधाएं देने के साथ-साथ संघ परिवार के एजेंडे को लागू कर रही है।
उपचुनाव के नतीजों का स्वागत करते हुए फेसबुक पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘‘इन सभी कारणों से लोगों में सरकार के प्रति गहरी नाराजगी और अविश्वास दिखाई दिया।’’
उन्होंने कहा कि कई ऐसे स्थानों पर जहां पिछले स्थानीय निकाय चुनाव में यूडीएफ को स्पष्ट बढ़त हासिल थी लेकिन इस बार एलडीएफ ने बेहतर प्रदर्शन किया।
विजयन ने कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने सात सीट जीतीं, जिनमें यूडीएफ के दो मौजूदा विधायकों के पास रही सीटें भी शामिल हैं।
माकपा के वरिष्ठ नेता ने दावा किया, ‘‘लोगों ने उन स्थानों पर एलडीएफ का मजबूत समर्थन किया जहां यूडीएफ के मौजूदा विधायकों ने 2025 के स्थानीय निकाय चुनाव में जीत दर्ज की थी, जैसे कोट्टायम जिला पंचायत का त्रिक्कोडिथानम डिवीजन और चित्तूर नगरपालिका का परुथिकाव वार्ड।’’
भाषा राखी अमित
अमित

Facebook


