शकूर बस्ती के स्थानीय लोगों ने डीडीए पार्क में मस्जिद के ‘अवैध ढांचे’ को तोड़ा
शकूर बस्ती के स्थानीय लोगों ने डीडीए पार्क में मस्जिद के 'अवैध ढांचे' को तोड़ा
नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) दिल्ली के बाहरी इलाके शकूर बस्ती में स्थानीय लोगों ने डीडीए की जमीन पर मस्जिद पदाधिकारियों द्वारा बनाए जा रही कथित अवैध इमारत की दीवार को तोड़ दिया जिसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शकूर बस्ती से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक करनैल सिंह ने पत्रकारों से कहा कि मस्जिद प्रबंधन अतिक्रमण की गई जमीन पर मदरसा बना रहा है।
भाजपा विधायक ने कहा, “मैंने मस्जिद के मौलवी को मस्जिद के अंदर मदरसा न चलाने के लिए पहले ही सूचित कर दिया है। मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र में किसी भी अवैध निर्माण की अनुमति नहीं दूंगा।”
घटना के वीडियो में, नारों के बीच भीड़ को इमारत की नवनिर्मित दीवार को तोड़ते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस ने बताया कि भीड़ को शांतिपूर्वक वहां से हटा दिया गया तथा स्थिति नियंत्रण में रही और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शकूर बस्ती इलाके में डीडीए पार्क में लोगों के जमा होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीमें तुरंत मौके पर भेजी गईं और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘शांति भंग करने या कानून व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश

Facebook


