लोकसभा सचिवालय के निदेशक नोएडा स्थित फ्लैट में मृत मिले, सुसाइड नोट में कर्ज का जिक्र

लोकसभा सचिवालय के निदेशक नोएडा स्थित फ्लैट में मृत मिले, सुसाइड नोट में कर्ज का जिक्र

लोकसभा सचिवालय के निदेशक नोएडा स्थित फ्लैट में मृत मिले, सुसाइड नोट में कर्ज का जिक्र
Modified Date: August 5, 2026 / 01:40 pm IST
Published Date: August 5, 2026 1:40 pm IST

नोएडा, पांच अगस्त (भाषा) लोकसभा सचिवालय में निदेशक पद पर कार्यरत एक व्यक्ति ने नोएडा स्थित अपने फ्लैट में कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज का जिक्र किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गौरव गौतम (40) के रूप में की गयी है। गौतम का शव रविवार को सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी में उनके फ्लैट में छत के पंखे से लटका मिला।

फेज-2 थाना पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना उस अस्पताल से भेजे गए ज्ञापन के माध्यम से मिली, जहां गौतम को इलाज के लिए ले जाया गया था। अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय गौतम की पत्नी अपने मायके गई हुई थीं। घर लौटने पर उन्होंने फ्लैट का दरवाजा बंद पाया और अनहोनी की आशंका होने पर सुरक्षा गार्ड की मदद से फ्लैट का दरवाजा खुलवाया।

उसने बताया कि अंदर जाने पर उन्होंने अपने पति को फंदे से लटका पाया और इसके बाद उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उसने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।

उसने बताया कि फ्लैट से बरामद ‘सुसाइड नोट’ में कर्ज का जिक्र किया गया है। नोट की सामग्री की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में