लोकसभा अध्यक्ष ने तृणमूल के बागी सांसदों के लिए बैठने की व्यवस्था में बदलाव किया
लोकसभा अध्यक्ष ने तृणमूल के बागी सांसदों के लिए बैठने की व्यवस्था में बदलाव किया
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद के निचले सदन में तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों के लिए नयी सीट आवंटित की हैं, ताकि वे अलग बैठ सकें। इस प्रक्रिया में कुछ अन्य सदस्यों के बैठने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
बैठने की नयी व्यवस्था से अवगत अधिकारियों ने बताया कि कुल 39 सांसदों को नयी सीट आवंटित की गई हैं।
एक अधिकारी ने कहा, “उन्हें (तृणमूल के दोनों खेमे) अलग-अलग बैठाने के लिए अन्य सदस्यों को दूसरी सीट पर स्थानांतरित करना पड़ा है।”
अधिकारी के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी नीत खेमे के नेता अभिषेक बनर्जी की सीट बदल दी गई है।
उन्होंने बताया कि वाईएसआर कांग्रेस के पीवी मिधुन रेड्डी और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की हरसिमरत कौर बादल भी उन सदस्यों में शामिल हैं, जिनकी सीट में बदलाव किया गया है।
लोकसभा और राज्यसभा के हर सदस्य को एक विशिष्ट ‘डिवीजन नंबर’ आवंटित किया जाता है, जो संबंधित सदन में उनकी सीट की पहचान करता है।
यह नंबर उनकी औपचारिक उपस्थिति दर्ज करने, मत-विभाजन में हिस्सा लेने और आधिकारिक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है।
अधिकारी के अनुसार, सदस्य सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मॉनसून सत्र के दौरान अपने नये ‘डिवीजन नंबर’ का इस्तेमाल करेंगे।
बिरला ने शनिवार को शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-उबाठा) के छह सांसदों के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय को मंजूरी दे दी थी।
इसके अलावा, उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उन 20 सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने की अनुमति दे दी थी, जो कम चर्चित ‘नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया’ (एनसीपीआई) में शामिल हो गए हैं।
भाषा पारुल संतोष
संतोष

Facebook


