बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र अवदाब में बदला, ओडिशा व बंगाल में भारी बारिश की आशंका
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र अवदाब में बदला, ओडिशा व बंगाल में भारी बारिश की आशंका
भुवनेश्वर/कोलकाता, पांच जुलाई (भाषा) बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का एक स्पष्ट क्षेत्र अब एक अवदाब (गहरे कम दबाव के क्षेत्र) में बदल गया है, जिससे अगले कुछ दिनों में ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो सकती है।
इस घटनाक्रम को देखते हुए ओडिशा के सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के आस-पास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र एक अवदाब में बदल गया है। यह बालासोर से दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और दीघा से दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम दिशा में 50 किलोमीटर की दूरी पर केंद्रित है। विभाग के अनुसार, इसके अगले एक दिन में चांदबाली और दीघा के बीच उत्तरी ओडिशा तट को पार करने की बहुत अधिक संभावना है।
आईएमडी ने संबलपुर, अंगुल, बौध, सोनपुर और कंधमाल में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया, जो रंग आधारित चेतावनी व्यवस्था का सर्वोच्च स्तर है। 19 अन्य ज़िलों में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया, जिसमें लोगों से किसी भी आपदा की स्थिति में कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया, और छह अन्य ज़िलों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया।
कम दबाव के असर से पांच जुलाई से सात जुलाई के बीच समुद्र के बहुत ज़्यादा अशांत रहने की आशंका है, और मछुआरों को इस दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
रविवार सुबह 8.30 बजे तक के 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी इलाकों में भारी बारिश हुई। सबसे ज़्यादा 276 मिमी बारिश कंधमाल ज़िले के खजूरपाडा में हुई, इसके बाद बोलांगीर ज़िले के तुरईकेला में 264 मिमी बारिश दर्ज की गई। भुवनेश्वर और कटक में क्रमशः 119.4 मिमी और 124.8 मिमी बारिश हुई।
पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में, इस अवदाब की वजह से मंगलवार सुबह तक दक्षिणी ज़िलों में बारिश होने की संभावना है, जिससे इस मॉनसून में बारिश की कमी पूरी होने की उम्मीद जगी है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को सात जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तट के आस-पास तेज़ हवाओं (40-50 किमी/घंटा की रफ़्तार) के साथ तूफ़ानी मौसम रहने की आशंका है।
आईएमडी ने कहा है कि मौसम की अनुकूल स्थितियों के कारण, सोमवार सुबह तक दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर के तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के कई जिलों – जिनमें हुगली, नदिया, मुर्शिदाबाद और मालदा शामिल हैं – में अब तक मॉनसून के दौरान कम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूच बिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप हिमालयी ज़िलों में आठ से 10 जुलाई के बीच भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
भाषा प्रशांत शोभना
शोभना

Facebook


