मप्र: धार में ‘एसयूवी’ वाहन ने जुलूस में मारी कांवड़ियों को टक्कर, 16 घायल

Ads

मप्र: धार में ‘एसयूवी’ वाहन ने जुलूस में मारी कांवड़ियों को टक्कर, 16 घायल

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 08:48 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 08:48 PM IST

धार (मध्यप्रदेश), 24 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के धार जिले में सोमवार को कांवड़ यात्रा के दौरान एक तेज रफ्तार ‘स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल’ (एसयूवी-वाहन) के 200 से अधिक श्रद्धालुओं के जुलूस में घुस जाने से 16 कांवड़िए घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर करीब 3.30 बजे हुई जब विजय श्री हनुमान कांवड़ यात्रा में शामिल भगवान शिव के भक्त बोकेश्वर से पीथमपुर में इंदिरामा की ओर जा रहे थे।

धार के पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि ‘एसयूवी’ ‘टू-लेन’ सड़क के किनारे से जा रहा था लेकिन अचानक चालक ने घबराहट में श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी।

शर्मा ने बताया कि बारह लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ‘एसयूवी’ पीछे से आया और श्रद्धालुओं से टकरा गया, जिससे दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को लोगों ने पकड़ लिया और उसे थाने ले गया। उन्होंने बताया कि बाद में वाहन में आग लग गई।

कांवड़ियों द्वारा एसयूवी में आग लगाने के दावों के बारे में पूछे जाने पर पीथमपुर थाने के प्रभारी सुनील शर्मा ने कहा कि इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।

उन्होंने बताया कि वाहन टक्कर मारने के बाद सड़क से फिसलकर छह-सात फुट नीचे गिर गया।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए पहुंचे, जिन्हें एंबुलेंस और निजी वाहनों से सिविल अस्पताल ले जाया गया।

भाषा ब्रजेन्द्र राजकुमार

राजकुमार