पटना/भागलपुर, 24 अगस्त (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंगा के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित पटना, बेगूसराय और भागलपुर जिलों के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का सोमवार को हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
इस बीच, भागलपुर जिले में गंगा किनारे स्थित काजीकोरैया-रघोपुर तटबंध का एक हिस्सा सोमवार तड़के कटाव के कारण टूट गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने नवगछिया-रघोपुर दियारा, कोसी-गंगा संगम क्षेत्र, बेगूसराय, बख्तियारपुर तथा अन्य संवेदनशील इलाकों का हवाई निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने भागलपुर हवाई अड्डे पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील एवं निचले इलाकों पर लगातार निगरानी रखने, राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित लोगों तक भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पानी का दबाव तेजी से कम हो रहा है और स्थिति में शीघ्र सुधार की संभावना है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री की रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से हुई बातचीत के बाद फरक्का बैराज के सभी फाटक खोल दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति के लिए निकासी की समुचित व्यवस्था तैयार रखने तथा जल संसाधन विभाग को पूरी तरह सतर्क रहते हुए तत्काल मरम्मत कार्य करने और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
हवाई सर्वेक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार