मप्र : नीट पुनर्परीक्षा की तैयारी कर रही 19 वर्षीय छात्रा रेलवे पटरियों के पास घायल मिली
मप्र : नीट पुनर्परीक्षा की तैयारी कर रही 19 वर्षीय छात्रा रेलवे पटरियों के पास घायल मिली
गुना, छह जून (भाषा) मध्यप्रदेश के गुना जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की पुनर्परीक्षा की तैयारी कर रही 19 वर्षीय एक छात्रा शनिवार को रेलवे पटरियों के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि छात्रा बजरंगगढ़ ओवरब्रिज के पास घायल अवस्था में मिली।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। हम जांच कर रहे हैं कि छात्रा ने ओवरब्रिज से छलांग लगाई या वह गिर गई। फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।’’
सूत्रों के अनुसार, वह आरओएन में पदस्थ आरक्षक कमलेश खांडे की बेटी है और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही थी, जिसकी पुनर्परीक्षा 21 जून को निर्धारित है।
पुलिस ने बताया कि छात्रा के परिवार की ओर से अब तक इस घटना पर कोई बयान नहीं दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी, जिसे पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दिया गया था। इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है और पुनर्परीक्षा 21 जून को निर्धारित है।
भाषा
सं, दिमो रवि कांत

Facebook


