मप्र : मंडला जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी

मप्र : मंडला जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी

मप्र : मंडला जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी
Modified Date: March 22, 2026 / 10:16 pm IST
Published Date: March 22, 2026 10:16 pm IST

मंडला, 22 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मंडला में स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को रविवार को ई-मेल कर बम से उड़ाने की धमकी दी गई लेकिन जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और पूरे न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि पुलिस बल, श्वान दस्ता और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा।

उन्होंने कहा कि पूरे दल ने न्यायालय परिसर के चप्पे-चप्पे की बारीकी से जांच की, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

सकलेचा ने कहा कि प्रशासन ने एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

इस बारे में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी पीयूष मिश्रा ने बताया कि ई-मेल के माध्यम से मिली धमकी की सूचना के बाद तत्काल बम निरोधक दस्ते की टीम को बुलाया गया और पूरे परिसर का निरीक्षण किया गया।

उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई खतरा नहीं पाया गया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।

भाषा

सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत


लेखक के बारे में