मध्य प्रदेश: ईडी ने ‘फर्जी’ सड़क निर्माण बिल मामले में छापेमारी
मध्य प्रदेश: ईडी ने ‘फर्जी’ सड़क निर्माण बिल मामले में छापेमारी
नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) मध्य प्रदेश में सड़क निर्माण कार्यों से जुड़े ‘फर्जी बिल’ पेश किए जाने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापे की कार्रवाई के बाद लगभग 23 लाख रुपये नकद जब्त किए गए और करीब तीन करोड़ रुपये की जमा राशि के लेन देन पर रोक लगाई गई। ईडी ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह छापेमारी 19 जून को रीवा और जबलपुर जिलों में की गई थी।
ईडी ने इस मामले में राज्य पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया था।
केंद्रीय एजेंसी ने कहा कि आरोपियों ने मध्य प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों के अधिकारियों के साथ मिलकर कथित रूप से साजिश रची और ‘इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड’, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड सहित अन्य कंपनियों के ‘‘जाली’’ और ‘‘गढ़े’’ रसीद पेश करके सड़क निर्माण कार्य के लिए सरकार से ‘‘धोखाधड़ी’’ के माध्यम से भुगतान प्राप्त किया।
ईडी ने कहा कि ये बिल कुल 55.60 करोड़ रुपये के थे, जिससे सरकारी खजाने को उतनी ही राशि का वित्तीय नुकसान हुआ। एजेंसी ने यह भी बताया कि तेल कंपनियों से संबंधित बिल जाली पाए गए।
एजेंसी ने बताया कि छापे के दौरान 23.50 लाख रुपये नकद जब्त किए गए और 2.93 करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि के लेन देन पर रोक लगाई गई है।
भाषा शोभना अमित
अमित

Facebook


