नर्मदापुरम, 22 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सतपुड़ा अभयारण्य में शुक्रवार को एक बाघ मृत मिला। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बाघ के दाहिने पैर का एक पंजा गायब है, जिससे यह संदेह होता है कि बाघ को शिकारियों ने मारा है हालांकि वन विभाग के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की।
सतपुड़ा बाघ अभयारण्य में पिछले 10 दिनों में बाघ के मृत पाये जाने की यह दूसरी घटना है।
अभयारण्य की उपनिदेशक ऋषिभा नेताम ने बताया कि चापड़ा गांव के पास तवा नदी के रुके हुए जल में एक मोटरबोट गश्ती दल ने बाघ के शव को देखा।
ऋषिभा ने बताया कि शव को बाहर निकालने के बाद की गयी जांच में बाघ के दाहिने पैर का एक पंजा गायब पाया गया।
अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अभयारण्य में 12 अगस्त को भी एक बाघ मृत पाया गया था।
भाषा सं दिमो जितेंद्र
जितेंद्र