विवेक विहार अग्निकांड के पीड़ित परिवारों से मिलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
विवेक विहार अग्निकांड के पीड़ित परिवारों से मिलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विवेक विहार अग्निकांड के पीड़ितों के परिवार के सदस्यों से मंगलवार को मुलाकात की और कहा कि सरकार उनके साथ दृढ़ता से खड़ी है।
गुप्ता ने विवेक विहार में हुई ‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना’ को एक ‘गंभीर चेतावनी’ बताते हुए कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, “दिल्ली के विवेक विहार में हुई हृदय विदारक अग्नि दुर्घटना के पीड़ित परिवारों से आज मुलाकात की। इस दुखद घड़ी में हम पूरी संवेदनशीलता और दृढ़ता से उनके साथ खड़े हैं और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें।”
उन्होंने कहा कि सरकार ने इस घटना को एक गंभीर चेतावनी के रूप लिया है और सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और अग्नि सुरक्षा के उच्चतम मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में रविवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से एक बच्चे समेत दो परिवारों के कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


