महाराष्ट्र : शिवसेना (उबाठा) के नेता अंबादास दानवे को जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज
महाराष्ट्र : शिवसेना (उबाठा) के नेता अंबादास दानवे को जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज
छत्रपति संभाजीनगर, 16 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के पूर्व नेता अंबादास दानवे को बीते चार दिनों में धमकी भरे कई फोन कॉल आए हैं। इस संबंध में स्थानीय पुलिस थाने में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गैर-संज्ञेय मामले दर्ज किये गये हैं।
फोन कॉल करने वाले व्यक्ति ने शिवसेना (उबाठा) के नेता को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी।
दानवे ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजनेताओं को ऐसी धमकियां मिलती हैं। मुझे 12 मार्च से धमकी भरे कई फोन कॉल आए। हालांकि मैंने अपना फोन बंद कर दिया था, फिर भी फोन आते रहे, जिसके बाद मैंने पुलिस आयुक्त से मुलाकात की और पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।’’
उन्होंने, हालांकि धमकी भरे फोन कॉलों में अचानक हुई इस वृद्धि के पीछे का कारण नहीं बताया और कहा कि इस मामले की जांच करना पुलिस का काम है।
दानवे ने कहा, ‘‘मैंने 1996 से कई चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुझे नहीं पता कि ये धमकियां चुनावी प्रतिद्वंद्विता से संबंधित हैं या किसी अन्य कारण से। मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।’’
एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत दानवे के निजी सहायक द्वारा दर्ज कराई गई थी, जिसके चलते क्रांति चौक पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(4) के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गैर-संज्ञेय मामला दर्ज किया गया।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


