महाराष्ट्र : सरपंच के उपचुनाव में दिवंगत सरपंच की पत्नी को करना पड़ा हार का सामना

महाराष्ट्र : सरपंच के उपचुनाव में दिवंगत सरपंच की पत्नी को करना पड़ा हार का सामना

महाराष्ट्र : सरपंच के उपचुनाव में दिवंगत सरपंच की पत्नी को करना पड़ा हार का सामना
Modified Date: April 29, 2026 / 01:51 pm IST
Published Date: April 29, 2026 1:51 pm IST

बीड, 29 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले के मस्साजोग गांव में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव में बुधवार को दिवंगत सरपंच की पत्नी को हार का सामना करना पड़ा। निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव के नतीजे की घोषणा की।

यह उपचुनाव गांव के तत्कालीन सरपंच संतोष देशमुख की नौ दिसंबर, 2024 को हुई हत्या के कारण रिक्त हुई सीट पर मंगलवार को कराया गया। अश्विनी देशमुख को अपने पति की मृत्यु के बाद उपजी सहानुभूति के सहारे जीत मिलने की उम्मीद थी।

कैज तहसील कार्यालय में बुधवार सुबह हुई मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी संतोष करजवनकर ने स्वरूपानंद देशमुख को विजयी घोषित किया।

निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, स्वरूपानंद देशमुख ने दिवंगत सरपंच की पत्नी को 92 मतों के अंतर से हराया।

पिछले सरपंच चुनाव में संतोष देशमुख ने स्वरूपानंद देशमुख को महज नौ वोटों के मामूली अंतर से हराया था।

स्वरूपानंद देशमुख ने कहा, ‘यह विकास के साथ-साथ गरीबों और वंचितों की जीत है। चुनाव जीतने के बावजूद हम दिवंगत संतोष देशमुख को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और दोषियों को सजा दिलाने के लिए दृढ़ता से खड़े रहेंगे।’

संतोष देशमुख ने एक पवनचक्की कंपनी से उगाही की कोशिश को रोकने की कोशिश की थी जिसके बाद दिसंबर 2024 में उनकी हत्या कर दी। इस मामले में तत्कालीन मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मीक कराड की गिरफ्तारी हुई थी और मुंडे को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था।

भाषा प्रचेता अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में