महिला कांग्रेस ने केरल सरकार की नीतियों के खिलाफ पांच चरणों के आंदोलन की घोषणा की
महिला कांग्रेस ने केरल सरकार की नीतियों के खिलाफ पांच चरणों के आंदोलन की घोषणा की
तिरुवनंतपुरम, 22 फरवरी (भाषा) महिला कांग्रेस ने केरल सरकार की कथित मूल्य वृद्धि और महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ पांच चरणों में आंदोलन की घोषणा की है।
प्रदर्शन के पहले चरण के तहत केरल प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं सांसद जेबी माथेर के नेतृत्व में सोमवार को यहां राज्य सचिवालय के सामने 24 घंटे की भूख हड़ताल की जाएगी।
महिला कांग्रेस के एक बयान के अनुसार, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ विरोध प्रदर्शन की शुरुआत करेंगे।
बयान में कहा गया है कि 24 फरवरी को भूख हड़ताल के समापन के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव के.सी. वेणुगोपाल मौजूद रहेंगे।
दूसरे चरण में जिला अध्यक्ष 26, 27 और 28 फरवरी को जिला केंद्रों पर एक दिवसीय भूख हड़ताल का नेतृत्व करेंगे।
इसके बाद दो, तीन और चार मार्च को ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन होंगे, जिसके बाद पांच और छह मार्च को मंडलम केंद्रों पर धरने दिए जाएंगे।
महिला कांग्रेस नेतृत्व ने यह भी कहा कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को वार्ड स्तर पर ‘‘विश्वासघात दिवस’’ के रूप में मनाया जाएगा।
अपने बयान में राज्यसभा सदस्य माथेर ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाएं बढ़ती कीमतों का खमियाजा भुगत रही हैं। उन्होंने सरकार पर मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने में विफल रहने का आरोप लगाया।
भाषा सुरभि गोला
गोला

Facebook


