मलयालम फिल्म निर्देशक रंजीत को यौन उत्पीड़न मामले में जमानत मिली
मलयालम फिल्म निर्देशक रंजीत को यौन उत्पीड़न मामले में जमानत मिली
कोच्चि, 10 अप्रैल (भाषा) कोच्चि की एक अदालत ने शुक्रवार को फिल्म निर्देशक रंजीत को जमानत दे दी। निर्देशक को यौन उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट एल उषा ने कड़ी शर्तें लगाते हुए उनकी जमानत मंजूर कर दी।
अदालत ने रंजीत को अपना पासपोर्ट सौंपने, एर्नाकुलम जिले से बाहर नहीं जाने और फोर्ट कोच्चि में उस जगह पर नहीं जाने का निर्देश दिया जहां फिल्म की शूटिंग हुई थी।
उन्हें एक लाख रुपये का मुचलका और इतनी ही राशि के दो जमानतदार पेश करने का आदेश दिया।
अदालत ने रंजीत को अगले तीन महीनों तक या मामले में आरोप पत्र दाखिल होने तक हर सोमवार को जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया।
एर्नाकुलम उप जेल में बंद रंजीत को जल्द रिहा कर दिया जाएगा।
एक अभिनेत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि फोर्ट कोच्चि में फिल्म की शूटिंग के दौरान निर्देशक ने एक वैन के अंदर उसका यौन उत्पीड़न किया, जिसके बाद निर्देशक को 31 मार्च को थोडुपुझा से गिरफ्तार किया गया था।
इससे पहले, पुलिस ने रंजीत से हिरासत में पूछताछ की थी।
जमानत याचिका पर विचार करने के दौरान अभियोजन पक्ष ने यह दावा करते हुए इसका विरोध किया कि रंजीत ने जांच में सहयोग नहीं किया।
हालांकि, बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि रंजीत ने न तो अपनी गिरफ्तारी पर आपत्ति जताई थी और न ही पहले हिरासत में पूछताछ का विरोध किया था।
बचाव पक्ष ने जमानत का अनुरोध करते हुए उनकी स्वास्थ्य स्थिति का भी हवाला दिया।
उनकी स्वास्थ्य और जांच की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।
भाषा सुरभि संतोष
संतोष

Facebook


