मलयालम फिल्म निर्देशक रंजीत को यौन उत्पीड़न मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा गया
मलयालम फिल्म निर्देशक रंजीत को यौन उत्पीड़न मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा गया
कोच्चि (केरल), एक अप्रैल (भाषा) कोच्चि की एक अदालत ने मलयालम फिल्मों के जाने-माने निर्देशक रंजीत को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। रंजीत को मंगलवार रात यौन उत्पीड़न के कथित प्रयास के एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।
न्यायिक हिरासत पर भेजे जाने के बाद निर्देशक ने दावा किया कि उन पर लगाए गए आरोप ‘‘झूठे’’ हैं और वह इसे साबित कर देंगे।
उन्होंने पत्रकारों से यह दावा उस समय किया जब उन्हें यहां उप कारागार के अंदर ले जाया जा रहा था।
भले ही निर्देशक ने खुद को बेकसूर बताया हो, लेकिन राज्य के संस्कृति मंत्री साजी चेरियन ने संकेत दिया कि सरकार और पुलिस पीड़िता के साथ हैं तथा केरल फिल्म कर्मचारी संघ (एफईएफकेए) ने निर्देशकों और लेखकों के संघों से रंजीत की सदस्यता रद्द करने की सिफ़ारिश की।
पुलिस ने बताया कि इस घटना से पीड़ित महिला ‘‘गहरे सदमे’’ में थी तथा शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे आने से पहले उसकी काउंसलिंग करवाई गई और मनोरोग संबंधी इलाज भी करवाया गया।
कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त एस. कलिराज महेश कुमार ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया और फिर गिरफ्तारी से पहले आरोपों की गोपनीय तरीके से पुष्टि की गई।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘ऐसा किसी भी महिला के साथ नहीं होना चाहिए और खासकर कार्यस्थल पर यह बहुत गलत हुआ।’’
कुमार ने कहा कि मामले की गोपनीयता बनाए रखना और पीड़ित की पहचान उजागर नहीं होने देना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी।
उन्होंने यह भी कहा कि कथित यौन उत्पीड़न के कई गवाह थे, क्योंकि यह घटना एक शूटिंग सेट पर हुई थी।
अधिकारी ने कहा कि सबूत जुटाए जा रहे हैं और ज़रूरत पड़ने पर निर्देशक की हिरासत मांगी जाएगी।
एफईएफकेए के महासचिव बी. उन्नीकृष्णन ने यहां पत्रकारों को बताया कि आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) से इस घटना के संबंध में कोई शिकायत नहीं की गई थी।
एफईएफकेए, मलयालम फिल्म उद्योग में काम करने वाले लोगों के संघों का एक संगठन है।
रंजीत को मंगलवार शाम इडुक्की ज़िले से हिरासत में लिया गया और उसके बाद उसकी गिरफ़्तारी दर्ज की गई।
उन्हें आज सुबह यहां एक मजिस्ट्रेट के आवास पर पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर रंजीत के खिलाफ कुछ दिन पहले कोच्चि सिटी पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
पुलिस के अनुसार, महिला अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि रंजीत ने एक फ़िल्म की शूटिंग के दौरान उनका यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया।
रंजीत के खिलाफ 2024 में भी एक मामला दर्ज किया गया था जब एक बंगाली अभिनेत्री ने कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज करायी थी।
ईमेल के माध्यम से भेजी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रंजीत ने 2009 में फिल्म ‘पलेरी मणिक्यम’ में अभिनय करने के लिए बुलाने के बाद उसे अनुचित तरीके से छुआ था।
भाषा यासिर रंजन
रंजन

Facebook


