ममता बनर्जी ने भाजपा सांसद अनंत महाराज को उनके कार्यक्रम में उपस्थित होने पर सम्मानित किया
ममता बनर्जी ने भाजपा सांसद अनंत महाराज को उनके कार्यक्रम में उपस्थित होने पर सम्मानित किया
कोलकाता, 21 फरवरी (भाषा) राजबंगशी समुदाय के नेता और भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य नागेन रॉय उर्फ अनंत महाराज को शनिवार को शहर में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। इस समारोह में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी उपस्थित थीं।
भाजपा के साथ महाराज के संबंध हाल के महीनों में तनावपूर्ण रहे हैं। उन्हें बनर्जी ने सम्मानित किया गया। वह वरिष्ठ मंत्रियों और तृणमूल कांग्रेस नेताओं अरूप बिस्वास और इंद्रनील सेन के साथ मंच पर बैठे।
उन्हें एक पटका और स्मृति चिन्ह देते हुए बनर्जी ने कहा, ‘आपकी उपस्थिति से हम सम्मानित और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। खुश रहें और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।’
ममता का कार्यक्रम राजनीतिक नहीं था और मुख्यमंत्री के रूप में वह अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग ले रही थीं।
अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलों को हवा देते हुए महाराज ने बाद में पत्रकारों से कहा, ‘केंद्र सरकार इतनी उम्मीदों और आशाओं के साथ भारतीय गणराज्य में शामिल होने वाले हमारे समुदाय के साथ भेदभाव और उपेक्षा करती रही है। वर्तमान सरकार सहित लगातार आने वाली केंद्र सरकारों द्वारा हमारे क्षेत्र की वर्षों से उपेक्षा की गई है।’
जब उन्हें याद दिलाया गया कि वे केंद्र में सत्ताधारी पार्टी का हिस्सा हैं तो उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, ‘क्या मैं भारत के विकास के बारे में बात नहीं कर सकता? क्या हम देश का हिस्सा नहीं हैं?’
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव कुछ ही महीनों में होने वाले हैं।
राज्य भाजपा ने अभी तक इस घटनाक्रम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन

Facebook


