दिल्ली में ‘बाइक टैक्सी चालक’ पर हेलमेट से हमला करने वाला युवक गिरफ्तार

दिल्ली में 'बाइक टैक्सी चालक' पर हेलमेट से हमला करने वाला युवक गिरफ्तार

दिल्ली में ‘बाइक टैक्सी चालक’ पर हेलमेट से हमला करने वाला युवक गिरफ्तार
Modified Date: June 13, 2026 / 09:05 pm IST
Published Date: June 13, 2026 9:05 pm IST

नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) दिल्ली के समयपुर बादली क्षेत्र में रोड रेज की एक घटना के दौरान ‘बाइक टैक्सी चालक’ पर उसके ही हेलमेट से हमला करने के आरोप में 27 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, इस घटना में बाइक पर सवार एक महिला यात्री भी घायल हो गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार रात करीब 8.15 बजे रोहिणी सेक्टर-18/19 मेट्रो स्टेशन के पास हुई। आरोप है कि गलत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल बाइक टैक्सी से टकरा गई थी।

टक्कर के बाद आरोपी गौरव कुमार (27) अपनी मोटरसाइकिल से उतरा, उसने कथित रूप से बाइक टैक्सी चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसका हेलमेट छीनकर उसी से उसके सिर पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान हेलमेट का वाइजर टूट गया और उसके टुकड़े बाइक पर पीछे बैठी महिला यात्री को लगने से वह मामूली रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पीसीआर कॉल के आधार पर मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हेलमेट को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपी पीड़ितों को धमकी देने के बाद मौके से फरार हो गया था। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।’’

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और महिला यात्री द्वारा बनाए गए वीडियो का विश्लेषण किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने गौरव कुमार और उसके सहयोगी बादल की पहचान की।

पुलिस ने बताया कि बाद में गौरव कुमार को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने एक वीडियो संदेश में कथित तौर पर अपनी गलती स्वीकार की और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा जिम्मेदारी से वाहन चलाने की अपील की, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

भाषा रवि कांत रवि कांत माधव

माधव


लेखक के बारे में