दिल्ली में जांच अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में जांच अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) उत्तरी दिल्ली में जांच से बचने के लिए पुलिसकर्मियों को अवैध पिस्तौल से धमकी देने और उन पर हमला करने के आरोप में 24 साल के एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी फरमान 16 महीने से अधिक समय से फरार था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा था, जब चार फरवरी 2025 को देर रात कोतवाली इलाके में लोहा पुल के पास पुलिस गश्ती दल ने उसे और उसके साथी को रोका।
पुलिस के अनुसार बात मानने के बदले दोनों ने अवैध हथियार लहराया, पुलिसकर्मियों को धमकी दी और भागने की कोशिश में उन पर हमला किया। एक आरोपी मोहम्मद हसन को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था और उसके पास से बिना लाइसेंस वाली पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए, जबकि फरमान भाग निकला और तब से फरार था।
पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल हसन चला रहा था और फरमान पीछे बैठा था।
इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि फरमान को गिरफ़्तार करना चुनौती थी, क्योंकि वह पकड़े जाने से बचने के लिए अक्सर अपनी जगह बदलता रहता था।
पुलिस ने बताया कि 15 जून को उसके ठिकाने के बारे में ठोस जानकारी मिलने के बाद यह कामयाबी मिली। जांचकर्ताओं ने उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा के पास जाल बिछाया। रात करीब नौ बजे एक मुखबिर ने आरोपी की पहचान की। पुलिस टीम को देखते ही फरमान भागने की कोशिश करने लगा और कथित तौर पर अधिकारियों के साथ हाथापाई भी की, लेकिन उसे काबू में कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने इस मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। जांचकर्ताओं को यह भी पता चला कि वह उत्तर प्रदेश में दर्ज कई आपराधिक मामलों में शामिल था, जिनमें चोरी, अवैध हथियार रखना आदि शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि फरमान पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है और फल-सब्जी मंडियों में मजदूरी का काम करता था।
पुलिस के अनुसार आर्थिक तंगी के कारण उसने कथित तौर पर चोरी और मोबाइल फोन छीनने जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश

Facebook


