फर्जी दस्तावेज के जरिए संपत्ति को दोबारा बेचकर 1.65 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार

फर्जी दस्तावेज के जरिए संपत्ति को दोबारा बेचकर 1.65 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार

फर्जी दस्तावेज के जरिए संपत्ति को दोबारा बेचकर 1.65 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार
Modified Date: May 30, 2026 / 06:57 pm IST
Published Date: May 30, 2026 6:57 pm IST

देहरादून (उत्तराखंड), 30 मई (भाषा) देहरादून में फर्जी दस्तावेज के जरिए अपनी संपत्ति को दोबारा बेचकर 1.65 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी ।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में डालनवाला क्षेत्र में बलबीर रोड निवासी विनोद प्रकाश अग्रवाल द्वारा की गयी एक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को इंदर रोड निवासी संजय जैन (65) को गिरफ्तार किया।

अग्रवाल ने 24 मई को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जैन ने हरिद्वार रोड पर अरिहंत टावर की पांचवीं मंजिल में स्थित संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और उसे बेचकर उनसे 1.65 करोड़ रुपए हड़प लिए।

अग्रवाल ने कहा कि खरीदने के बाद उन्हें पता चला कि जैन उस संपत्ति को पहले ही निशांत गर्ग नाम के व्यक्ति को बेच चुका है।

तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर जैन को गिरफ्तार कर लिया ।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में जैन ने उसका साथ देने वाले अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं ।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि पहले उसकी हरिद्वार में ‘लगेज बैग’ बनाने की फैक्टरी थी, जिसमें लगातार नुकसान होने के कारण उस पर लोगों का काफ़ी कर्ज हो गया था।

पुलिस के मुताबिक जैन ने बताया कि कर्जे को चुकाने के लिए उसकी पत्नी रितु ने 2024 में उनकी अरिहंत टावर की संपत्ति निशांत गर्ग को बेच दी लेकिन फिर भी वह लोगों का कर्ज नहीं लौटा पाया ।

पुलिस के अनुसार इसके बाद जैन ने उस संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे 2025 में दोबारा अग्रवाल को बेच दिया।

भाषा दीप्ति

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में