दोस्त की हत्या के आरोप में एक युवक गिरफ्तार
दोस्त की हत्या के आरोप में एक युवक गिरफ्तार
गुरुग्राम, 19 जुलाई (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर-65 में अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली माकर दोस्त की कथित तौर पर हत्या करने के आरोपी एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गुरुग्राम के बेहरामपुर गांव निवासी लकी भाटी (23) के रूप में हुई है। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से मामले की जांच के लिए उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस को 15 जुलाई को गोली लगने से आकाश की मौत की सूचना मिली थी। आकाश दिल्ली के बदरपुर का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया कि आकाश गुरुग्राम में अपने जीजा के साथ रहता था और ईंधन आपूर्ति के काम से जुड़ा था।
पुलिस ने बताया कि आकाश ने अपने भाई को बताया था कि वह अपने दोस्त लकी से मिलने जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लकी ने आकाश को अपने घर बुलाया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
इस शिकायत के आधार पर सेक्टर-65 थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़ित को अस्पताल ले गया था, लेकिन चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित किए जाने के बाद वह वहां से फरार हो गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी और आकाश कई वर्षों से दोस्त थे।
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन आरोपी और आकाश कार में एक साथ यात्रा कर रहे थे, तभी आरोपी ने कथित तौर पर आकाश को गोली मार दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हत्या करने के कारण का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले की जांच की जा रही है।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष

Facebook


