थप्पड़ का बदला लेने के लिए व्यक्ति ने की थी दोस्त की हत्या, गिरफ्तार
थप्पड़ का बदला लेने के लिए व्यक्ति ने की थी दोस्त की हत्या, गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के पास 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले को सुलझाते हुए पीड़ित के दोस्त को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान शिफायत (27) के तौर पर हुई है और उसने थप्पड़ का बदला लेने के लिए अजहरुद्दीन की कथित रूप से हत्या की।
पुलिस के मुताबिक, आठ जून को अजहरुद्दीन का लगभग सड़ चुका शव बरामद हुआ था और इस बाबत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि चांद बाग का रहने वाला अज़हरुद्दीन वेटर का काम करता था और जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सबूतों व अन्य सुरागों का विश्लेषण किया, जिससे शिफायत की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने और अज़हरुद्दीन ने पांच जून को खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के पास झाड़ियों में गांजे का सेवन किया।
डीसीपी ने बताया कि एक मामूली बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई, जिस दौरान अज़हरुद्दीन ने शिफायत को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया।
अलवल ने बताया, ‘आरोपी ने खुलासा किया कि बाद में वे दोनों उस इलाके से जा रहे थे, तभी अज़हरुद्दीन ने दीवार फांदने की कोशिश की और गिरकर घायल हो गया। पहले हुई बहस की रंजिश के चलते, शिफायत ने कथित तौर पर पत्थर से अज़हरुद्दीन पर कई बार हमला किया, जिससे उसे जानलेवा चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।’
उन्होंने बताया कि हत्या को अंजाम देने के बाद, आरोपी ने अपराध को छिपाने की कोशिश में शव को ईंटों से ढक दिया और मौके से भाग गया।
अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


