पंजाब में लिव-इन साथी की किशोर बेटी की हत्या के आरोप में युवक गिरफ्तार

पंजाब में लिव-इन साथी की किशोर बेटी की हत्या के आरोप में युवक गिरफ्तार

पंजाब में लिव-इन साथी की किशोर बेटी की हत्या के आरोप में युवक गिरफ्तार
Modified Date: June 7, 2026 / 11:51 am IST
Published Date: June 7, 2026 11:51 am IST

चंडीगढ़, सात जून (भाषा) पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर) जिले में 23 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर अपनी लिव-इन साथी की किशोर बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके शव को एक सूटकेस में भरकर एक जंगल में ले जाकर आग लगा दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इलाके के सीसीटीवी फुटेज में वह एक सूटकेस ले जाते हुए दिखाई दिया था, जिसमें कथित तौर पर लड़की का शव था।

पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय लड़की 29 मई से लापता थी। ऐसी जानकारी है कि वह अपनी मां के इस रिश्ते का विरोध करती थी।

एसबीएस नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) तुषार गुप्ता ने बताया कि पुलिस को 38 वर्षीय ऊषा की शिकायत मिली थी कि उसकी बेटी 29 मई को लापता हो गई है। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

ऊषा, उसकी बेटी और गुरविंदर नवांशहर के जडली इलाके में एक साथ रहते थे। ऊषा अपने पति से अलग रह रही थी। गुरविंदर मजदूरी करता था, जबकि ऊषा शहीद भगत सिंह नगर जिले के राहों रोड स्थित नगर निगम में कार्यरत थी।

नवांशहर के थाना प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि लड़की अपनी मां और गुरविंदर के संबंधों का विरोध करती थी।

पुलिस के मुताबिक, गुरविंदर ने जांच को गुमराह करने की भी कोशिश की। उसने सीसीटीवी फुटेज दिखाकर दावा किया कि लड़की किसी व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर जाती हुई दिखाई दे रही है।

पुलिस ने इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें गुरविंदर अपनी मोटरसाइकिल पर एक सूटकेस ले जाता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने 29 मई को उस समय लड़की की हत्या कर दी थी, जब ऊषा काम पर गई हुई थी।

इसके बाद वह शव को सूटकेस में भरकर अपनी मोटरसाइकिल से लगभग 30 किलोमीटर दूर खुल्लरगढ़ साहिब के जंगल क्षेत्र में ले गया और वहां शव को आग के हवाले कर दिया।

पुलिस ने बाद में लड़की का जला हुआ शव बरामद कर लिया और गुरविंदर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

भाषा गोला वैभव

वैभव


लेखक के बारे में