हिमाचल के कांगड़ा में पत्नी की हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

हिमाचल के कांगड़ा में पत्नी की हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

हिमाचल के कांगड़ा में पत्नी की हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: March 31, 2026 / 06:20 pm IST
Published Date: March 31, 2026 6:20 pm IST

धर्मशाला, 31 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक गांव में पत्नी की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की पहचान सनी कुमार के रूप में हुई है और उसने सोमवार तड़के अपनी पत्नी कालती देवी पर नींद में सोते समय धारदार हथियार से कथित तौर पर हमला किया। उन्होंने बताया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार देवी के तीन बच्चे, दो बेटे व एक बेटी है। पुलिस ने कहा कि वारदात के समय उसकी बेटी पत्नी के पास ही सो रही थी।

मामले की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी 29 मार्च की रात अपने भाई के साथ काला जादू करने के लिए बाहर गया था और बाद में वह अपनी पत्नी, कालती देवी (32) को कुटहन गांव स्थित अपने भाई के घर ले आया।

इसके मुताबिक, सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे, जब कालती देवी सो रही थी तभी आरोपी ने कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरों में सो रहे थे।

शोर सुनकर उसका भाई उठ गया और वह मौके पर पहुंचा जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है । मूल रूप से बीर-बैजनाथ निवासी दिहाड़ी मजदूर सनी लंबागांव में रह रहा था।

पुलिस इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में