भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं पर ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी करने का आरोपी गिरफ्तार
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं पर 'आपत्तिजनक' टिप्पणी करने का आरोपी गिरफ्तार
देहरादून, 19 जुलाई (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शुक्रवार को देहरादून आगमन के विरोध में प्रदर्शन करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से ‘‘अश्लील, आपत्तिजनक और अमर्यादित’’ टिप्पणी करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की ओर से शनिवार को डालनवाला थाने में दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नयी दिल्ली के इंद्रा पार्क निवासी राजेंद्र सिंह रावत (40) को गिरफ्तार किया गया।
शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा कि ‘पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी’ नाम के फेसबुक अकाउंट से महिलाओं के लिए अत्यंत आपत्तिजनक, अश्लील, अभद्र और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि यह न केवल महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर सीधा आघात है, बल्कि समाज में वैमनस्य एवं तनाव पैदा करने और महिलाओं के प्रति घृणा का माहौल बनाने का भी प्रयास है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर ‘पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी’ के खिलाफ स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान रावत का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ की गई।
पुलिस ने बताया कि इस कृत्य को लेकर आमजन, विशेषकर महिलाओं में काफी रोष होने तथा इससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर रावत को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
आरोपी रावत मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले के बजवाड़ क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल नयी दिल्ली में रहता है।
भाषा दीप्ति सिम्मी
सिम्मी
सिम्मी

Facebook


