दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर बनकर धोखाधड़ी करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर बनकर धोखाधड़ी करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसने कथित तौर पर खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताकर खरीदारों और विक्रेताओं का विश्वास जीता, अग्रिम भुगतान एकत्र किया और फिर फरार हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल पासवान दिल्ली के लक्ष्मी नगर का निवासी है और मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि उसको शनिवार को कश्मीरी गेट के पास पार्किंग क्षेत्र से उस समय पकड़ा गया जब वह शहर छोड़ने के प्रयास में था।
उन्होंने बताया कि लक्ष्मी नगर पुलिस थाने में अप्रैल 2022 में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज धोखाधड़ी के मामले में उसे तीन फरवरी, 2023 को भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, पासवान धोखाधड़ी के कई मामलों में शामिल है और लगभग एक साल से फरार था, इस दौरान वह गिरफ्तारी से बचने के लिए हरियाणा के फरीदाबाद में रहा था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘विश्वसनीय सूचना के आधार पर, टीम ने गिरफ्तार कर लिया।’
पुलिस के मुताबिक, पासवान खुद को एक असली प्रॉपर्टी डीलर के रूप में पेश करता था। पुलिस के अनुवास वह संभावित ग्राहकों को फ्लैट या प्रॉपर्टी दिखाता, उनका भरोसा जीतता और शुरुआती भुगतान लेने के बाद सौदा पूरा किए बिना गायब हो जाता था।
उन्होंने बताया कि लक्ष्मी नगर पुलिस थाने में दर्ज कम से कम तीन प्राथमिकी में उसकी तलाश थी, जिनमें 2022 और 2024 में दर्ज मामले भी शामिल हैं, जो सभी धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी उसके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज की गई हैं।
पुलिस ने बताया कि स्नातक और धाराप्रवाह अंग्रेजी बोलने वाले पासवान ने पहले लक्ष्मी नगर में प्रॉपर्टी डीलर के रूप में काम किया, लेकिन कई लोगों को कथित तौर पर धोखा देने के बाद वह गुरुग्राम और बाद में फरीदाबाद चला गया था।
भाषा तान्या अमित
अमित

Facebook


