लिफ्ट देकर पुलिसकर्मी को बंधक बनाकर लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार

लिफ्ट देकर पुलिसकर्मी को बंधक बनाकर लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार

लिफ्ट देकर पुलिसकर्मी को बंधक बनाकर लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार
Modified Date: May 26, 2026 / 01:04 am IST
Published Date: May 26, 2026 1:04 am IST

नोएडा 25 मई (भाषा) पुलिसकर्मी को कार में लिफ्ट देकर बंधक बनाकर मारपीट और लूटपाट करने वाले एक बदमाश को थाना दादरी पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि अनुज कुमार ने 21 मई को थाना दादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 20 मई की रात अमरोहा स्थित अपने घर जा रहे थे। वह मथुरा के यमुना पार थाने में रिक्रूट आरक्षी के रूप में तैनात हैं।

शिकायत के अनुसार वह सेक्टर-62 पहुंचे, जहां वह अमरोहा जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे, इसी दौरान एक कार में सवार कुछ लोग उनके पास आए और गंतव्य पूछा और उन्हें कार में लिफ्ट दे दी।

आरोप है कि कार में बैठाने के बाद बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया। बाद में आरोपियों ने बोड़ाकी गांव के पास चलती कार से उन्हें नीचे फेंक दिया और उनका मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड, नकदी और बैग लूटकर फरार हो गए।

डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच कर रही थाना दादरी पुलिस ने सोमवार देर रात सूचना के आधार पर चिटैहरा गांव के पास घेराबंदी की। इस दौरान मुठभेड़ में घटना में शामिल रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी के दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

भाषा सं शोभना

शोभना


लेखक के बारे में